
नर्मदापुरम / नगर में स्वच्छता व्यवस्था, सुगम यातायात, बाजार व्यवस्था, नाले नालियों की सफाई, वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान, शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन सहित अन्य व्यवस्थाओं और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य विभाजन के साथ ही नपा के अधिकारी कर्मचारियों को नए दायित्व सौंपे गए हैं।
कार्यालय अधीक्षक योगेश सोनी ने बताया कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के निर्देश पर व्यवस्थाएं बनाई जा रही है। सीएमओ श्री देशमुख द्वारा मप्र नगरपालिका अधिनियम 1961 के अंतर्गत धारा (87) के तहत प्रदत्त अधिकार का उपयोग करते हुए राजस्व शाखा का संपूर्ण प्रभार राजस्व उपनिरीक्षक अकबर खान को सौंपा गया है। इसी तरह स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी को स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के नोडल अधिकारी के साथ ही वाहन शाखा का प्रभार के साथ ही भारत सरकार के शहरी विकास मंत्रालय द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप स्वच्छ सर्वेक्षण, स्टार रेटिंग, ओडीएफ एवं वाटर के दस्तावेजीकरण के साथ ही जमीनी स्तर की तैयारी हेतु दायित्व, नगर की सफाई व्यवस्था सुचारू रखने हेतु स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी को वार्ड 1 से लेकर 12 एवं वार्ड 15,16,17 और 28 की जिम्मेदारी तथा सफाई दरोगा कमलेश तिवारी को वार्ड क्रमांक 13, 14 से लेकर 27 तक तथा वार्ड क्रमांक 29 से लेकर 33 का दायित्व सौंपा गया है। वहीं स्वच्छता शाखा में संलग्न समस्त प्रकार के वाहनों तथा ट्रेक्टर, जेसीबी, मिनी ट्रक (ट्रिपर वाहनों को छोड़कर) आदि के संचालन हेतु स्वच्छता पर्यवेक्षक संजय लुटारे को दात्यिव सौंपा गया है।

