

नर्मदापुरम / पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 08 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक “विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान” चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक साईंकृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के नेतृत्व में यह अभियान जिले के समस्त थाना क्षेत्रों एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जाएगा।
अभियान के दौरान स्कूल बसों की तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी मानकों की गहन जांच की जाएगी। विशेष रूप से बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC), आपातकालीन द्वार (Emergency Exit), प्राथमिक उपचार पेटी (First Aid Box), अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher), स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी, जीपीएस, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, तेज गति, नशे की अवस्था में वाहन संचालन, मोबाइल फोन का उपयोग, यातायात नियमों के उल्लंघन तथा अन्य सुरक्षा संबंधी कमियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक साईंकृष्णा एस. थोटा ने समस्त विद्यालय संचालकों, बस संचालकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करें। साथ ही अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि यदि उन्हें किसी स्कूल बस में सुरक्षा संबंधी कमी दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा यातायात पुलिस को दें।
नर्मदापुरम पुलिस का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई से अधिक जागरूकता एवं सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी सुरक्षित रूप से विद्यालय पहुंचे और सकुशल अपने घर लौट सके ।

