
नर्मदापुरम / शहर की रिवर व्यू कॉलोनी फेज-2 में मंगलवार दोपहर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। कॉलोनी के मकान नंबर 124 में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर कंपनी का कीमती सामान चोरी कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्थानीय रिवर व्यू कॉलोनी स्थित मालाखेड़ी रोड मकान नंबर 124 फेस नंबर 2 में लगभग 8 से 10 लाख रुपए की चोरी हुई है।जानकारी के अनुसार, मकान में किराए पर रहने वाले कपिल शर्मा अपने दो अन्य साथियों के साथ एक कंपनी संचालित करते हैं। तीनों पिछले एक-दो वर्षों से उक्त मकान में रहकर कंपनी का संचालन कर रहे हैं। घटना के समय दो साथी शहर से बाहर गए हुए थे। मंगलवार को लौटने पर उन्होंने मकान का ताला टूटा पाया। अंदर जाकर देखा तो कंपनी के आठ लैपटॉप, एक एलईडी टीवी, कंप्यूटर सहित अन्य कीमती सामान गायब था।
घटना की सूचना कपिल शर्मा ने तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मकान पर काम करने वाली एक महिला रोजाना चाबी लेकर आती-जाती थी, लेकिन घटना वाले दिन वह नहीं पहुंची। इस संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है और हर पहलू से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि जिस मकान में चोरी हुई है, वह कॉलोनी के कॉलोनाइजर के रिश्तेदार आदित्य पारे का है, जिन्होंने यह मकान करीब एक-दो वर्ष पहले किराए पर दिया था। किराएदार बाहर के निवासी हैं और इसी मकान से अपनी कंपनी संचालित कर रहे थे।हैरानी की बात यह है कि जिस मकान में चोरी हुई, उसके ठीक बगल में एक पुलिसकर्मी का निवास है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। फिलहाल पुलिस रिवर व्यू कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की बारीकी से जांच में जुटी हुई है।

