
नर्मदापुरम / तवानगर / श्रमिकों के अधिकारों और उनके हितों के लिए लगातार संघर्षरत प्रगतिशील श्रमिक महासंघ के वरिष्ठ पदाधिकारी मुईन उद्दीन कुरेशी का तवा नगर आगमन पर सैकड़ों कर्मचारियों ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का आयोजन महासंघ के सक्रिय सदस्य मुरारी लाल शर्मा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर श्री कुरेशी के प्रति अपना विश्वास और सम्मान व्यक्त किया।
मुईन उद्दीन कुरेशी जल संसाधन विभाग क्षेत्रीय स्पोर्ट्स क्लब, नर्मदापुरम के तवा नगर में आयोजित निर्वाचन कार्यक्रम में माइक्रो ऑब्जर्वर (Micro Observer) के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। उनके आगमन पर कर्मचारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मान समारोह आयोजित किया।
इस अवसर पर कर्मचारियों ने कहा कि श्री कुरेशी लंबे समय से श्रमिकों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा विभिन्न मांगों को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनके संघर्ष और समर्पण के कारण श्रमिकों में उनके प्रति विशेष सम्मान और विश्वास है।
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों की आवाज़ को बुलंद करने वाले ऐसे नेतृत्व का सम्मान पूरे कर्मचारी वर्ग का सम्मान है। कार्यक्रम के अंत में श्री कुरेशी ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिक हितों की लड़ाई भविष्य में भी पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगी। समारोह में कर्मचारियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

