
नर्मदापुरम / सुन्नी मुस्लिम काज़ियात वेलफेयर कमेटी, जिला नर्मदापुरम के जिले के सचिव जुनैद ताजी के नेतृत्व में जिम्मेदार और जागरूक नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर ग्राम बागरा, तहसील माखननगर स्थित वक्फ दरगाह गौरी शाह बादशाह में हुई कथित तोड़फोड़ और धार्मिक भावनाएं आहत करने की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने दरगाह परिसर में नुकसान पहुंचाया, जालियां तोड़ीं तथा धार्मिक ग्रंथ के साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया। समिति ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास बताते हुए सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और आपसी सौहार्द बना रहे। पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहां की इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी जल्द ही दोषियों तक पहुंच कर उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में कमेटी के उपाध्यक्ष सलीम खान, सदस्य जफरुल्लाह खान, मददगार आर्मी से आरिफ खान, रिजवान अहमद, कामरान अली, समीर शाह, रेहान खान, जाहिद खान, हफीज खान सहित हिना अली शामिल रही।

