
इटारसी / अखिल भारत हिन्दू महासभा (म.प्र.) की नगर इकाई इटारसी के नगर अध्यक्ष देवांश यादव के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) इटारसी के नाम तहसीलदार इटारसी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से नगर में संचालित आधार सेवा केंद्रों पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने एवं अन्य अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि कई आधार सेवा केंद्रों पर आम नागरिकों से शासन द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे विशेष रूप से गरीब, मजदूर, वरिष्ठ नागरिक एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग प्रभावित हो रहे हैं। संगठन ने मांग की कि सभी आधार सेवा केंद्रों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा प्रत्येक केंद्र पर शासन द्वारा निर्धारित शुल्क सूची का अनिवार्य रूप से प्रदर्शन सुनिश्चित कराया जाए।
इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष शालकराम तिवारी, जिला अध्यक्ष उमेश कुमार चौधरी, जिला उपाध्यक्ष सूरज चौरे, नगर संगठन मंत्री नैतिक गोदरे, नगर महामंत्री मंगल सिंह, नगर उपाध्यक्ष शुभम राजपूत एवं नगर उपाध्यक्ष महेंद्र मंडलेकर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नगर अध्यक्ष देवांश यादव ने कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन जनहित में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

