
नर्मदापुरम / पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और प्रकृति संरक्षण के उद्देश्य से ‘एक पहल’ संस्था द्वारा एक वृहद पौधारोपण और निशुल्क फलदार पौधा वितरण अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत खाली स्थानों को चिन्हित कर वहां पौधे रोपे जाएंगे और उनकी उचित देखभाल की जाएगी।
संस्था के अध्यक्ष सत्या चौहान ने इस अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि बरसात का मौसम पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त होता है। इस मौसम में पौधों को वर्षा का पर्याप्त जल मिल जाता है, जिससे उनके तेजी से बढ़ने और जीवित रहने की संभावना काफी अधिक होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संस्था ने निशुल्क पौधे वितरित करने और उन्हें रोपित कराने का निर्णय लिया है।
विशेष टीम का हुआ गठन….
इस कार्य को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करने के लिए ‘एक पहल’ संस्था द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम शहर और आसपास की खाली जगहों का निरीक्षण करेगी और उपयुक्त स्थान देखकर वहां फलदार पौधे रोपित करेगी।
बरसात के बाद लगेगा ड्रिप सिस्टम…..
अध्यक्ष सत्या चौहान ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं है, बल्कि उन्हें जीवित रखना भी है। इससे न केवल वातावरण में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ेगी, बल्कि भविष्य में लोगों को फल भी प्राप्त होंगे। पौधों की निरंतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए संस्था के सचिव धनीराम गौर ने बताया कि बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद सिंचाई के लिए ‘ड्रिप इरिगेशन सिस्टम’ (टपक सिंचाई प्रणाली) भी लगाया जाएगा, ताकि पौधों को साल भर पानी मिलता रहे।

