

नर्मदापुरम / नर्मदा तटों की स्वच्छता और संरक्षण को लेकर रविवार को स्थानीय चित्रगुप्त घाट पर अखिल भारतीय कायस्थ समाज द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। समाज की मातृशक्ति और पुरुष सदस्यों ने मिलकर घाट परिसर तथा नर्मदा किनारे साफ-सफाई की। यह अभियान पिछले चार-पांच वर्षों से निरंतर चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से समाजजन नर्मदा तटों को स्वच्छ रखने और नागरिकों को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षिका एवं प्रखर समाजसेवी मंजू श्रीवास्तव ने कहा कि मां नर्मदा केवल नदी नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार हैं। नर्मदा तटों की स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक घाटों पर गंदगी न फैलाने का संकल्प ले, तो नर्मदा तटों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना संभव है। उन्होंने समाज की मातृशक्ति द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
समाजसेवी सुनील राय ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि नियमित संस्कार है। चित्रगुप्त घाट पर लगातार वर्षों से चलाया जा रहा यह अभियान सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि नर्मदा किनारे आने वाले श्रद्धालुओं और नागरिकों को पूजा सामग्री, प्लास्टिक या अन्य कचरा घाट पर नहीं छोड़ना चाहिए। नर्मदा की पवित्रता बनाए रखने के लिए जनभागीदारी सबसे जरूरी है।
बैंक सेवानिवृत्त अधिकारी विजय वर्मा ने कहा कि नर्मदा तटों की स्वच्छता के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए। अखिल भारतीय कायस्थ समाज द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ घाट, स्वच्छ नर्मदा और स्वच्छ शहर की भावना के साथ सभी लोगों को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।
स्वच्छता अभियान के दौरान समाजजनों ने घाट परिसर में फैली गंदगी को साफ किया और लोगों से अपील की कि वे नर्मदा तटों पर कचरा न फैलाएं। समाज की मातृशक्ति ने भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए स्वच्छता और जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर बैंक सेवानिवृत्त अधिकारी विजय वर्मा, अशोक वर्मा, केशव देव वर्मा, सी.बी. खरे, सुनील राय, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, राजेंद्र श्रीवास्तव, लालता प्रसाद, मनोज वर्मा, स्वच्छता संयोजक प्रीति खरे, मातृशक्ति अध्यक्ष ज्योति वर्मा, रितु श्रीवास्तव, समाजसेवी सुमन वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, अदिति, गुनगुन खरे, सुनीता श्रीवास्तव, श्रीमती ममता तिवारी सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने नर्मदा तट को स्वच्छ रखने, घाटों पर गंदगी न फैलाने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
भारी बारिश को देखते हुए स्वच्छता अभियान को विराम, अब होगा पौधारोपण………
भारी बारिश को देखते हुए अखिल भारतीय कायस्थ समाज ने बारिश के माह में घाटों पर चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को विराम देने का निर्णय लिया है। प्रशासन द्वारा भी भारी बारिश को देखते हुए सभी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
इसी को ध्यान में रखते हुए समाज द्वारा बारिश के दौरान स्वच्छता अभियान के स्थान पर पौधारोपण कार्यक्रम किया जाएगा। नगर के विभिन्न स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे। यह कार्यक्रम प्रत्येक रविवार को आयोजित किया जाएगा।
अखिल भारतीय कायस्थ समाज ने सभी सामाजिक बंधुओं से अपील की है कि बारिश के मौसम में स्वच्छता अभियान को विराम देते हुए अब पौधारोपण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करें और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।

