

सिवनी मालवा / पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ रविवार को वार्ड क्रमांक 08 में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। पार्षद श्रीमती अनुराधा दीक्षित एवं पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित के नेतृत्व में तवा कॉलोनी स्थित अस्पताल की मल्टी के समीप आम, बरगद, जामुन, आंवला, शमी और बेलपत्र सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम में व्यास कॉलोनी, शिक्षक कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी एवं अंबिका परिसर के वरिष्ठजनों व वार्डवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
“बदलते मौसम का कारण वृक्षों की कमी” – एसडीएम…
एसडीएम विजय राय ने कहा, “प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाए और दूसरों को भी प्रेरित करे। बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी का प्रमुख कारण वृक्षों की कमी है। आज प्रकृति की रक्षा करेंगे तो भविष्य में प्रकृति हमारे जीवन की रक्षा करेगी।”
“पौधे नहीं, भविष्य का उपहार लगा रहे हैं” – पार्षद….
पार्षद श्रीमती अनुराधा दीक्षित ने कहा, “आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शीतल छाया और सुरक्षित भविष्य का अमूल्य उपहार है। हमारा काम पौधे लगाकर खत्म नहीं होता, उन्हें वृक्ष बनाना ही वास्तविक जिम्मेदारी है।”
“वृक्ष अमूल्य धरोहर हैं” : थाना प्रभारी-सीएमओ….
थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर एवं सीएमओ अमर सिंह उईके ने कहा कि हर व्यक्ति को जीवन में कम से कम एक बार वृक्षारोपण जरूर करना चाहिए। वृक्ष हमारी अमूल्य धरोहर हैं, इनकी सुरक्षा हम सबका कर्तव्य है।
“पौधों की देखभाल बच्चों की तरह करें” : दीपक दीक्षित….
पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने आग्रह किया, “पौधरोपण तो बहुत लोग करते हैं, लेकिन देखभाल कुछ ही करते हैं। अपने लगाए पौधों की देखभाल बच्चों की तरह करें। यही पौधे कल विशाल वृक्ष बनकर स्वच्छ हवा, फल, छाया देंगे और भूजल संरक्षण व ग्लोबल वार्मिंग कम करने में मदद करेंगे।”
कार्यक्रम में जेई देवेंद्र पटेल, एसआई नागेश वर्मा, अजय पटेल, विक्रम पटेल, प्रवीण रघुवंशी, सुरेश चौहान, मांगीलाल सोनी, किशोर पालीवाल, महेश रघुवंशी, नर्मदा गौर, बसंत रघुवंशी समेत बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। अंत में पार्षद प्रतिनिधि ने सभी का आभार व्यक्त किया।

