
नर्मदापुरम / बेटियों को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने की दिशा में महिला एवं बाल विकास विभाग नर्मदापुरम द्वारा मिशन शक्ति और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत ‘सशक्त वाहिनी अभियान’ के अंतर्गत पुलिस भर्ती सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी। इस अभियान के तहत बालिकाओं और युवतियों को विषय विशेषज्ञों द्वारा कोचिंग दी जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी में मदद करना है, साथ ही अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी मार्गदर्शन मिलेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नर्मदापुरम संजय कुमार जैन ने बताया कि इच्छुक बालिकाओं से 25 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन वन स्टॉप सेंटर, शासकीय पीएम श्री (नर्मदा) महाविद्यालय के सामने, जिला नर्मदापुरम में जमा किए जा सकते हैं। पात्रता के लिए आवेदिका का 18 वर्ष की आयु पूर्ण होना और कक्षा 12 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों के लिए 3 महीने का प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। शैक्षणिक कार्य दिवसों में रोजाना 2 घंटे कक्षाएं लगेंगी, जिसमें प्रतियोगी परीक्षा से जुड़े सभी विषय कवर कराए जाएंगे।
अभियान से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए इच्छुक बालिकाएं वन स्टॉप सेंटर नर्मदापुरम में संपर्क कर सकती हैं। इसके अलावा दूरभाष क्रमांक 07574-252251 पर भी जानकारी ली जा सकती है।

