दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
अब प्रदेश में ‘शासकीय शव वाहन सेवा’ शुरू की गई है। इसके लिए 155334 नंबर डायल करना होगा। सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ और संवेदनशील बनाते हुए पूरे प्रदेश में ‘शासकीय शव वाहन सेवा’ का संचालन प्रभावी रूप से किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य शासकीय अस्पतालों में उपचार के दौरान दम तोड़ने वाले मरीजों के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके परिजनों तक निःशुल्क पहुंचाना है। अक्सर देखा जाता है कि दुर्घटना या गंभीर बीमारी के कारण मृत्यु होने पर परिजनों को शव वाहन के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इसी को ध्यान में रखते हुए शासन ने यह निर्णय लिया है कि प्रदेश के सभी शासकीय अस्पतालों में यदि किसी रोगी या दुर्घटना पीड़ित की मृत्यु इलाज के दौरान होती है, तो उसे ससम्मान उनके निवास स्थान तक निःशुल्क पहुंचाया जाएगा। इस सेवा का लाभ लेने के लिए शासन ने विशेष टोल-फ्री नंबर 155334 जारी किया है, जो ‘Dial 108 MP JAES’ के अंतर्गत 24 घंटे संचालित है, ताकि जरूरतमंद परिवार कठिन समय में इस मानवीय और निःशुल्क शासकीय सेवा का लाभ उठा सकें।

