
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) डॉ. राजेश जायसवाल ने नर्मदापुरम विकासखंड अंतर्गत पतलई एवं एसपीएम स्कूलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों से आत्मीय एवं प्रेमपूर्ण संवाद किया तथा उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता की परख की। पतलई स्कूल में डीपीसी डॉ. जायसवाल ने विद्यार्थियों से पाठ्य पुस्तकों से पाठ पढ़वाकर उनकी पढ़ने की क्षमता एवं समझ का परीक्षण किया। विद्यार्थियों ने पाठ्य पुस्तकों में से धाराप्रवाह पाठ पढ़कर सुनाया। साथ ही डीपीसी ने बच्चों से अंग्रेजी भाषा में बातचीत कर उनके अंग्रेजी विषय के ज्ञान एवं संवाद कौशल का भी आकलन किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए नियमित अध्ययन करने तथा अपनी शैक्षणिक क्षमता को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान डीपीसी डॉ. जायसवाल ने प्रधान पाठक एवं शिक्षिका श्रीमती द्रोपती के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता में और अधिक सुधार के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।

