
सिवनी मालवा / रविवार 21 जून को देशभर के साथ सिवनी मालवा में भी 12 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सिविल अस्पताल परिसर में बीएमओ डॉ. कांति बाथम के नेतृत्व में योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों, अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई। सभी उपस्थित सदस्यों ने योग प्रशिक्षक के निर्देशन में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसे विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग सत्र के बाद जीवन में योग के महत्व पर भी चर्चा की गई।
“पहले स्वयं को रखें स्वस्थ”….
इस अवसर पर डॉ. अंकित तिवारी ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहली जिम्मेदारी स्वयं को स्वस्थ एवं तंदुरुस्त रखना है। उन्होंने कहा, “जब हम खुद शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगे, तभी समाज को स्वस्थ रखने में अपनी भूमिका ईमानदारी और ऊर्जा के साथ निभा पाएंगे। योग इसी का सबसे सरल और सशक्त माध्यम है।”
ये रहे उपस्थित….
योग कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. कांति बाथम, डॉ. अंकित तिवारी के अलावा बीसीएम प्रिया पांडे, उमंग स्वास्थ्य केंद्र के परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई, लैब टेक्नीशियन दीपशिखा सोनी, कृष्ण कुमार मालवीय, आनंद कुशवाहा, सुरेश यादव, प्रवीण गौर सहित अस्पताल का अन्य स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने नियमित रूप से योग को दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।

