55 खिलाड़ियों को लिया फाइनल ट्रायल
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएश के तत्वावधान में नर्मदापुरम के एमपीसीए ग्राउंड पर आयोजित अंडर-13 एवं अंडर-15 आयु वर्ग के ट्रायल शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। तीन दिवसीय इस ट्रायल में संभाग भर से 370 युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। चयनित खिलाड़ी आगामी सत्र में होने वाले इंटर डिवीजन टूर्नामेंट में एमपीसीए की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रायल में अंडर-13 आयु वर्ग में कुल 160 और अंडर-15 आयु वर्ग में 210 खिलाड़ी शामिल हुए। खिलाड़ियों में ट्रायल को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही एमपीसीए ग्राउंड पर खिलाड़ियों और अभिभावकों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
शनिवार को शॉर्टलिस्ट किए गए सभी 55 खिलाड़ियों के फाइनल ट्रायल लिए गए। चयनकर्ताओं ने बताया कि फाइनल सूची तैयार कर सभी चयनित खिलाड़ियों को फोन के माध्यम से सूचित किया जाएगा।
चयनकर्ता प्रवीण लोकरस ने कहा, “नर्मदापुरम संभाग में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कई बच्चों ने बेहतरीन खेल दिखाया। बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग तीनों विभागों में अच्छे खिलाड़ी मिले हैं। हमारा प्रयास है कि सबसे योग्य खिलाड़ी ही टीम में जगह बनाएं।इस अवसर पर एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी मेंबर अनुराग मिश्रा, जिला क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश चौरे, सचिव मनोहर बिल्थरिया, चयनकर्ता चेतन राजपूत, माधव हरने, संजय यदुवंशी,नितेश राजपूत, सुनील कलोसिया, गोपाल खातरकर, शैलेन्द्र पावर, कुणाल पटेल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्राउंड स्टाफ मौजूद रहा।

