
नर्मदापुरम / विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर परिषद सोहागपुर द्वारा पलकमती नदी तट पर श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने के लिए अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सफाई कर्मियों ने नदी तट पर सामूहिक श्रमदान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में विधिक साक्षरता शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अतुल सक्सेना, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोहागपुर प्रियंका भलावी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि तथा नगर पालिका के सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
सभी उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पलकमती नदी तट की सफाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जल स्रोतों के संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
विधिक साक्षरता शिविर में आए लोगों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और विभिन्न विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया। निःशुल्क विधिक सहायता कैसे प्राप्त की जाए, इसकी प्रक्रिया भी समझाई गई।

