
नर्मदापुरम / विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसपीएम परिसर में व्यापक पौधारोपण का आयोजन किया गया । विस्तृत जानकारी देते हुए एसपीएम के उपमहाप्रबंधक (राजभाषा/जनसंपर्क) ने बताया कि इस अवसर पर एक व्यापक पर्यावरण जागृति का कार्यक्रम श्री घनश्याम जारेडा, संयुक्त महाप्रबंधक (गुणवत्ता आश्वासन, पर्यावरण) के निदेशन में तैयार किया गया और विविध प्रजाति के पौधों को रोपित किया गया। जिसमें मुख्य महाप्रबंधक बैंकटेश कुमार के मार्गदर्शन में सभी श्रेणी के स्टाफ द्वारा बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी की गई। विदित हो कि प्रतिभूति कागज कारखाना द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय प्रयास भी किए जा रहे हैं। मिल परिसर के भीतर लगभग 150 फलदार एवं नारियल (कोकोनट) के पौधे रोपित किए गए हैं, जिनका नियमित संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है।
22 अप्रैल, पृथ्वी दिवस के अवसर पर भी कारखाने द्वारा माँ नर्मदा के तट पर 80 फलदार पौधों का रोपण किया गया, जिससे हरित आवरण बढ़ाने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता प्रदर्शित होती है।
जल संरक्षण की दिशा में भी कारखाने ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नर्मदापुरम जिले का लगभग 80 मिलियन लीटर वर्षा जल भंडारण क्षमता वाला कृत्रिम तालाब निर्मित किया है। वर्तमान में, 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) के अवसर पर तालाब की गहरीकरण प्रक्रिया जारी है, जिससे इसकी जल भंडारण क्षमता में और वृद्धि होगी। यह तालाब आवासीय एवं औद्योगिक परिसर से प्राप्त वर्षा जल को संग्रहीत कर भूजल स्तर में सुधार करने तथा क्षेत्र में जल संरक्षण को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ये सभी प्रयास प्रतिभूति कागज कारखाना की पर्यावरणीय उत्तरदायित्व, सतत विकास एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
इस अवसर पर अमित कुमार, अपर महाप्रबंधक जी के मोहन, संयुक्त महाप्रबंधक (मानव संसाधन) आदि के साथ सभी अधिकारी, स्टाफ यूनियन पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
अंत में डॉ. घनश्याम जारेड़ा, संयुक्त महाप्रबंधक (गुणवत्ता आश्ववासन एवं पर्यावरण) द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।

