समितियां कर रही है अनिमितताएं, हम्मालों नहीं कर रहे व्यवस्था
कलेक्टर श्री मिश्रा स्वयं पहुंच रहे केंद्र किसानों से मिल रहे
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
जिले में गेहूं उपार्जन का कार्य चल रहा है। इसको लेकर कलेक्टर एक्शन में है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा स्वयं किसानों से मिल रहे हैं, खरीदी केंद्र पहुंच रहे हैं और समितियां को व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दे रहे हैं। किसानों को ठंडा पेय, ट्रॉली वेयरहाउस के अंदर करने सहित अन्य निर्देश दे रहे हैं।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने गेहूं उपार्जन की समीक्षा किये जाने पर कुछ समितियों में, निर्देशों के उपरांत भी जानबूझकर समितियों द्वारा अव्यवस्थाएं, अनियमितताएं के चलते केन्द्रों पर ट्रेक्टर ट्रालियों की लंबी-लंबी लाईन लगना, तौल में विलंब करना, समितियों द्वारा हम्माली की व्यवस्था आदि न करने पर समितियों को भविष्य में उपार्जन कार्य करने से अपात्र किये जाने के निर्देश दिये गये। उप आयुक्त सहकारिता द्वारा कृषि साख सहकारी समिति (बी-पैक्स) डोलरिया, खपरिया, बिसौनीकलां, नानपा, पगढाल,सोमलवाडा, बागलखेडी, आंखमऊ, कोठरा, रमपुरा, तरोनकला एवं बनखेडी समितियों को आगामी खरीदी हेतु अपात्र करने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिवस में जवाब मांगा गया। बी-पैक्स सेमरीखुर्द के सहायक समिति प्रबंधक सुरेश कुमार चौरे, बी-पैक्स खपरिया के बी.जी. वेयर हाउस खरीदी केन्द्र के प्रभारी सुनील कुमार वर्मा, बी-पैक्स बिसौनीकलां के श्रीकृष्ण वेयर हाउस के खरीदी प्रभारी प्रदयुम्न कुमार यादव सहायक प्रबंधक को तत्काल प्रभार से निलंबित किया गया है। रमपुरा सोसायटी के प्रबंधक धमेन्द्र पाराशर, खपरिया सोसायटी के प्रबंधक संजय दुबे एवं कोठरा समिति के प्रबंधक सुनील मुकाती को खरीदी केन्द्रों में अनियमितताओं , अव्यवस्थाओं हेतु कारण बताओ सूचना पत्र जारी किये गये हैं। बैंक केडर के प्रबंधक दयाशंकर दादोरिया बिसौनीकलां एवं मानसिंह अहिरवार प्रबंधक पगढाल के विरूध्द बैंक सेवा नियम में कार्यवाही हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक नर्मदापुरम को निर्देशित किया गया।
उर्वरक वितरण में अनियमितता पर दो विक्रेताओ को नोटिस
किसानों को सभी प्रकार के उर्वरक शत प्रतिशत ई विकास पोर्टल के माध्यम से विक्रय किए जाने के निर्देश है। इस संबंध में शासन द्वारा प्रत्येक उर्वरक विक्रेताओं की मॉनिटरिंग पोर्टल व पीओएस मशीन के माध्यम से की जा रही है। 11 मई को पोर्टल का अवलोकन करने पर जिले के दो विक्रेताओं के द्वारा उर्वरकों का विक्रय ई विकास पोर्टल की अपेक्षा पीओएस मशीन से अधिक किए जाने व शासन के निर्देशों की अवहेलना करने पर मेसर्स पायल खाद भंडार, बानापुरा व शीतल कृषि सेवा केंद्र, डोलरिया को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए व संबंधित दस्तावेजों के साथ अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने 3 दिवस का समय दिया गया।

