
नर्मदापुरम / जय हो सामाजिक कल्याण समिति द्वारा निरंतर चलाए जा रहे माँ नर्मदा घाट स्वच्छता अभियान का 288वाँ सप्ताह पूर्ण उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। समिति के सदस्यों ने प्रातःकाल एकत्रित होकर विवेकानंद घाट परिसर की साफ-सफाई की तथा प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्रित कर उनका उचित निस्तारण किया।इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों ने कहा कि माँ नर्मदा केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि हमारी जीवनदायिनी भी हैं। उनका स्वच्छ एवं निर्मल स्वरूप बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। लगातार 288 सप्ताह से चल रहा यह अभियान समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दे रहा है और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित कर रहा है। अभियान के दौरान उपस्थित सभी स्वयंसेवकों ने माँ नर्मदा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी नियमित रूप से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनते रहेंगे। जय हो सामाजिक कल्याण समिति समस्त नगरवासियों से अपील करती है कि वे घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें, प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा स्वच्छ, सुंदर एवं हरित नर्मदापुरम के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अर्पित मालवीय सहित समिति के सदस्य जतिन यादव, संजू प्रजापति, हर्षित पाल, गणेश यादव, राजा मालवीय, सागर पटेल, पीतम चक्रवर्ती, पंकज मेहरा उपस्थित रहे।

