
सिवनी मालवा / महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर वार्ड क्रमांक 09 में पीपलेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में 3 क्विंटल प्रसादी का विशाल वितरण किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगी रहीं और पूरा वातावरण शिवमय हो गया। भक्तों ने भगवान महादेव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं बेलपत्र अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर समिति के अध्यक्ष दीपक दीक्षित और संरक्षक गुलाब सिंह लोवंशी ने बताया कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, साधना और भक्ति का महापर्व है। इस दिन भगवान शिव की आराधना करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि सिवनी मालवा नगर के विभिन्न शिव मंदिरों और मोहल्लों में भी प्रसादी वितरण, भजन-कीर्तन एवं रुद्राभिषेक जैसे धार्मिक कार्यक्रम महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित कराए जाते है, जिससे पूरा सिवनी मालवा शिवभक्ति में डूब जाता है। वहीं श्रद्धालु दीपक लोवंशी, विक्रम लोवंशी, शुभम वर्मा, राजू लोवंशी, सागर पाल, संदीप राजपूत, शालू रघुवंशी ने जानकारी दी कि यह आयोजन हर वर्ष आनंद और उत्साह के साथ मनाया जाता है। जो भी भक्त पिपलेश्वर महादेव से सच्चे मन से जो कुछ मांगता है, उसकी वह मनोकामना जरूर पूर्ण होती है। महाशिवरात्रि पर्व पर पीपलेश्वर महादेव मंदिर में लगभग 2500 से 3000 श्रद्धालु प्रति वर्ष पीपलेश्वर महादेव का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इस पुण्य अवसर पर मंदिर समिति के सदस्य शुभम वर्मा, राजेंद्र लोवंशी, दीपक लोवंशी, विक्रम लोवंशी, मोहन लोवंशी, राकेश लोवंशी, सुनील लोवंशी, संदीप राजपूत, सागर पाल, शालू रघुवंशी, लक्ष्मण राजपूत, विक्रम भदौरिया, विक्रम रघुवंशी सहित अन्य श्रद्धालुजनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और सेवा कार्य को पूर्ण समर्पण के साथ संपन्न कराया।

