
नर्मदापुरम / शहर के देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुलामडी रोड पर शनिवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने चोरी की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। गरिमा गैस सर्विस के गोदाम के बाहर खड़े सप्लाई वाहन से दो अज्ञात युवकों ने सरेराह गैस सिलेंडर पार कर दिया।
घटना का विवरण….
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:20 से 11:00 बजे के बीच गरिमा गैस सर्विस का टाटा एस वाहन (MP05 LA0124) सप्लाई के लिए तैयार खड़ा था। वाहन में 45 घरेलू और 1 कमर्शियल सिलेंडर लदे हुए थे। इसी दौरान एक बिना नंबर की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों ने बड़ी चालाकी से वाहन में रखा एक भरा हुआ घरेलू सिलेंडर उठाया और स्प्रिंग डेल स्कूल की ओर भाग निकले।
कर्मचारियों ने किया पीछा, पर नाकाम रहे…….
चोरी होते देख वाहन चालक नर्मदा साहू और डिलीवरी मैन चैतन्य कहार ने शोर मचाया और अपनी दुपहिया गाड़ी से बदमाशों का पीछा भी किया। हालांकि, पल्सर की रफ्तार तेज होने के कारण आरोपी कुलामडी रोड की गलियों में ओझल होने में कामयाब रहे। गोदाम के अन्य कर्मचारियों ने भी बदमाशों को भागते हुए देखा है।
पुलिस जांच शुरू……
गैस एजेंसी संचालक की ओर से देहात थाना प्रभारी को इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए
* इलाके के CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
* संदिग्ध पल्सर सवारों की तलाश के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया गया है।
* आसपास के थानों को भी अलर्ट जारी किया गया है।
गैस एजेंसी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर सिलेंडर बरामद किया जाए और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए।

