शहर में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
शहर में नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार शाम को नर्मदापुरम शहर में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मॉक ड्रिल के दौरान पुराने आयुक्त कार्यालय परिसर में हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति का नाटकीय रूप से सृजन कर विभिन्न विभागों की तत्परता, समन्वय एवं राहत-बचाव कार्यों की क्षमता का परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान एयर स्ट्राइक की काल्पनिक स्थिति निर्मित की गई। स्ट्राइक की सूचना मिलते ही ब्लैकआउट किया गया तथा एयर रेड वार्निंग के लिए सायरन बजाकर चेतावनी दी गई। इसके पश्चात संबंधित विभागों की टीमों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किए। इस दौरान फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस एवं एसडीईआरएफ की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित किया गया। भवन के ऊपर फंसे प्रभावित व्यक्तियों को एसेंडर एवं डिसेंडर की सहायता से सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभाली गई तथा पुलिस बल की तैनाती कर क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। सभी संबंधित विभागों ने आपसी समन्वय के साथ निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, संसाधनों की उपलब्धता तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता का आकलन करना था।

