
नर्मदापुरम / कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी आशीष वशिष्ठ द्वारा मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत तीन प्रकरणों में आदेश पारित करते हुए तीन अपराधियों को एक-एक वर्ष की अवधि के लिए जिला बदर किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार प्रीतम पिता रामप्रसाद मेहरा उम्र 35 वर्ष निवासी नाला मोहल्ला इटारसी, थाना इटारसी, जिला नर्मदापुरम को एक वर्ष की अवधि के लिए जिला बदर किया गया है। इसी प्रकार जाफर अली ईरानी पिता आजम अली ईरानी, उम्र 25 वर्ष, निवासी हरिपुरा पत्ती बाजार, ईरानी डेरा, इटारसी, थाना इटारसी, जिला नर्मदापुरम को भी एक वर्ष की अवधि के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त संजू उर्फ संजय जाटव पिता भैयालाल जाटव, उम्र 27 वर्ष, निवासी आदर्श नगर, नर्मदापुरम, थाना देहात, जिला नर्मदापुरम के विरुद्ध भी जिला बदर की कार्रवाई करते हुए एक वर्ष की अवधि के लिए जिला बदर किया गया है। उक्त तीनों व्यक्तियों को आदेशानुसार जिला नर्मदापुरम एवं उससे लगे सीमावर्ती जिलों की राजस्व सीमाओं से एक-एक वर्ष की अवधि के लिए निष्कासित किया गया है।

