
नर्मदापुरम / नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय श्री अनिल परते ट्रॉफी इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-18 बालक वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता का तीसरा मुकाबला नर्मदापुरम एवं बैतूल के मध्य एमपीसीए ग्राउंड, नर्मदापुरम पर प्रारंभ हुआ। मुकाबले के पहले दिन दोनों टीमों के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। दिन का खेल समाप्त होने तक मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है।
नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि बैतूल की टीम के लिए यह मुकाबला काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रतियोगिता के अपने पहले मैच में उसे हरदा के विरुद्ध हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से बैतूल की टीम इस मैच में बेहतर प्रदर्शन के इरादे से मैदान पर उतरी।
मैच में बैतूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। हालांकि नर्मदापुरम के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही अनुशासित गेंदबाजी करते हुए बैतूल के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। बैतूल की पूरी टीम 154 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बैतूल की ओर से हिमांशु चढ़ोकार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 63 रन बनाए, जबकि पवन मालवीय ने 45 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन दोनों बल्लेबाजों के अतिरिक्त अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में असफल रहे।
नर्मदापुरम की ओर से गेंदबाजी में सूर्यांश पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट हासिल किए। प्रियव्रत पटेल ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ी, जबकि अनिरुद्ध राजपूत ने 2 तथा आर्यन चौरे ने 1 विकेट प्राप्त किया।
बैतूल की पहली पारी के 154 रनों के जवाब में नर्मदापुरम की टीम ने भी अपनी पारी की शुरुआत की, लेकिन बैतूल के गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए। दिन का खेल समाप्त होने तक नर्मदापुरम की टीम 6 विकेट के नुकसान पर 107 रन बना चुकी थी। इस प्रकार नर्मदापुरम की टीम बैतूल के पहली पारी के स्कोर से अभी 47 रन पीछे है और उसके 4 विकेट शेष हैं। बैतूल की ओर से विवेक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए, जबकि समर्थ चौहान एवं देवांशु चौहान को 1-1 विकेट मिला।
मैच के पहले दिन के खेल के बाद मुकाबला काफी रोचक हो गया है। दूसरे दिन नर्मदापुरम की टीम जहां शेष 4 विकेट के साथ बैतूल के स्कोर की बराबरी कर बढ़त हासिल करने का प्रयास करेगी, वहीं बैतूल के गेंदबाज जल्द से जल्द पारी समाप्त कर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेंगे।
मैच में अंपायर की भूमिका नीरज गौर एवं कुणाल पटेल ने निभाई, जबकि स्कोरिंग का दायित्व मनोहर बिलथरिया ने संभाला।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मैनेजिंग कमेटी के सदस्य अनुराग मिश्रा, जिला क्रिकेट संघ के सचिव मनोहर बिलथरिया, चयनकर्ता शफीक खान सहित खिलाड़ियों के अभिभावकगण एवं ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहे।

