

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा विकासखंड के ग्राम भिलाड़िया कला में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा डेंगू व मलेरिया से बचाव हेतु निरंतर डेंगू प्रतिबंधात्मक एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्राम में निरंतर सक्रिय है। अनुविभागीय अधिकारी विजय राय के निर्देशानुसार ग्राम में टेमीफास का छिड़काव किया गया, फागिंग की गई। ट्रैक्टर के माध्यम से संपूर्ण गांव में टेमीफास स्प्रे का छिड़काव किया गया जिससे कि डेंगू जनित मच्छर को नष्ट किया जा सके।
सीएमएचओ डॉ. नरसिंह गहलोत, जिला मलेरिया अधिकारी अरूण श्रीवास्तव, बीएमओ डॉ. कांति बाथम के नेतृत्व में बीईई अश्विनी जोसेफ, बीपीएम इंदर हिरवे, चिकित्सक, सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व स्टाफ ने घर घर जाकर स्क्रीनिंग कr स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही ग्राम में स्वच्छता बनाए रखने हेतु काउंसलिंग करके जागरूक किया।
इस दौरान 51 व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें 33 लोगों का सैंपल भी कलेक्ट कर जांच के लिए भेजा गया। जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों का परीक्षण किया जा रहा है तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता संबंधी गतिविधियां भी की जा रही हैं।

