

नर्मदापुर / पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा शुक्रवार को थाना पिपरिया का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की समग्र कार्यप्रणाली और अपराध नियंत्रण की जमीनी हकीकत का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाने के विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों के संधारण, अपराध पंजीकरण की स्थिति, लंबित प्रकरणों की समीक्षा तथा उनके समयबद्ध निराकरण हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने मलखाना, हवालात, शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क, साइबर संबंधी अभिलेख सहित थाने की अन्य सभी शाखाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने, थाने में सुरक्षित रखे गए जब्त माल, संपत्ति एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों के सुव्यवस्थित, वैज्ञानिक एवं अद्यतन संधारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी और आम नागरिक के साथ संवेदनशील, सौहार्दपूर्ण एवं विनम्र व्यवहार करने, शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर समय सतर्क व सजग रहने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त लंबित अपराधों एवं विवेचनाओं के शीघ्र निराकरण, गंभीर अपराधों में त्वरित व प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई तथा क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु रात्रिकालीन नियमित गश्त बढ़ाते हुए संवेदनशील बिंदुओं पर निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन, सुरक्षा मानकों और रिकॉर्ड संधारण की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी ऊर्जा, तत्परता, ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
उक्त निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) पिपरिया आशीष पवार एवं थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक आदित्य सेन सहित थाने का समस्त अधिकारी-कर्मचारी स्टाफ उपस्थित रहा।

