
नर्मदापुरम / नगर पालिका इटारसी द्वारा हाल ही में सड़क निर्माण को लेकर की गई घोषणाओं पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने भाजपा सरकार एवं भाजपा शासित नगर पालिका पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर विकास कार्यों की याद चुनाव नजदीक आते ही क्यों आने लगती है? क्या जनता की समस्याएं केवल चुनाव के समय ही दिखाई देती हैं, जबकि बाकी समय जनता को अपनी मूलभूत समस्याओं के लिए परेशान होना पड़ता है ?
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि इटारसी शहर सहित पूरे नर्मदापुरम जिले में जनता अनेक समस्याओं से जूझ रही है। शहर में जल संकट की स्थिति लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। पानी की कमी के चलते नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेयजल संकट और पानी की उपलब्धता को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद सरकार और नगर पालिका जनता को राहत देने के बजाय घोषणाओं के सहारे अपनी जिम्मेदारियों से बचती दिखाई दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि इटारसी शहर की अनेक सड़कों की हालत खराब है। जगह-जगह सड़कें उखड़ी हुई हैं, गड्ढों के कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। बारिश के बाद सड़कों की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। यदि नगर पालिका वास्तव में शहर के विकास को लेकर गंभीर है तो उसे केवल नई घोषणाएं करने के बजाय पहले से खराब सड़कों की मरम्मत और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर ध्यान देना चाहिए।
शहर की सफाई व्यवस्था पर भी उठाए सवाल…..
शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से कई स्थानों पर गंदगी और अव्यवस्था बनी रहती है। शहर की स्वच्छता केवल प्रचार और कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि नागरिकों को अपने आसपास साफ-सुथरा वातावरण मिलना चाहिए। नगर पालिका की जिम्मेदारी है कि वह नियमित सफाई, नालियों की देखरेख और कचरा प्रबंधन को प्राथमिकता दे।
उन्होंने शहर की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इटारसी जैसे व्यस्त शहर में व्यवस्थित पार्किंग का अभाव नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। बाजार क्षेत्रों में यातायात और पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने से जाम की स्थिति बनती है। नगर पालिका और प्रशासन को इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
चुनावी घोषणाओं से नहीं, धरातल पर काम से मिलेगा जनता का विश्वास…..
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार, भाजपा के जनप्रतिनिधियों और भाजपा शासित नगर पालिका को जनता की समस्याओं का समाधान पूरे कार्यकाल में करना चाहिए, न कि चुनाव नजदीक आने पर विकास कार्यों की घोषणाएं कर जनता को आकर्षित करने का प्रयास करना चाहिए। जनता को अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले काम चाहिए।
उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम जिले की जनता अब भाजपा के चुनावी वादों और घोषणाओं को समझ चुकी है। जनता जानती है कि जब समस्याएं लंबे समय तक बनी रहती हैं और चुनाव के समय अचानक विकास की बातें होने लगती हैं, तो इन घोषणाओं का उद्देश्य जनता की सेवा से अधिक राजनीतिक लाभ लेना होता है। अब जनता केवल बातों पर विश्वास नहीं करेगी, बल्कि काम का हिसाब मांगेगी।
जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान, नगर पालिका जवाबदेही तय करे….
शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि जल संकट, खराब सड़कें, नालियों की सफाई, अव्यवस्थित पार्किंग और शहर की अन्य मूलभूत समस्याएं नगर पालिका की प्राथमिकता होनी चाहिए। इटारसी शहर के नागरिकों को बेहतर पेयजल व्यवस्था, अच्छी सड़कें, साफ नालियां, सुचारु यातायात और व्यवस्थित पार्किंग जैसी सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है।
उन्होंने भाजपा सरकार एवं नगर पालिका से मांग की कि शहर और जिले की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से समाधान की कार्ययोजना बनाई जाए तथा केवल घोषणाएं करने के बजाय विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा जारी की गई।

