
नर्मदापुरम / पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा आमजन की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिले के समस्त थाना प्रभारियों को प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के उपयोग एवं क्रय-विक्रय करने वाले व्यक्तियों पर वैधानिक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है। पतंगबाजी के दौरान उपयोग किया जाने वाला नायलॉन एवं सिंथेटिक युक्त ‘चाइनीज मांझा’ (कांच/धातु लेपित धागा) मानव जीवन, पशु-पक्षियों तथा पर्यावरण के लिए अत्यंत घातक है। पूर्व में भी इस जानलेवा मांझे के कारण राहगीरों एवं दोपहिया वाहन चालकों के गंभीर रूप से घायल होने और पक्षियों की मृत्यु होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जिला प्रशासन द्वारा भी पूर्व में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का उपयोग न करने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं।
नर्मदापुरम पुलिस की मुख्य चेतावनी एवं निर्देश…..
सख्त वैधानिक कार्यवाहीः यदि कोई भी व्यक्ति, दुकानदार या व्यापारी
प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण या उपयोग करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं एवं पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
विशेष चेकिंग अभियानः आगामी मकर संक्रांति पर्व के मद्देनजर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के बाजारों, पतंग दुकानों एवं प्रमुख चौराहों पर निरंतर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
अभिभावकों से अपील…..
नर्मदापुरम पुलिस समस्त अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को चाइनीज मांझा न दिलाएं और केवल सुरक्षित सूती (कॉटन) धागे से ही पतंगबाजी करने के लिए प्रेरित करें।
यदि आपके आसपास कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का विक्रय या उपयोग कर रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने, पुलिस कंट्रोल रूम नर्मदापुरम या डायल-112 पर दें।

