
नर्मदापुरम / विश्वविद्यालय खेल के अंतर्गत शासकीय गृह विज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय होम साइंस कॉलेज, नर्मदापुरम में आयोजित संभाग स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया विवादों के घेरे में आ गई है। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने चयन समिति पर पारदर्शिता न बरतने और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि पूरी चयन प्रक्रिया में योग्य और प्रतिभावान खिलाड़ियों की अनदेखी की गई है। टीम के सदस्यों ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान उनकी टीम ने कुल तीन मैच खेले। इन तीनों ही मुकाबलों में होम साइंस कॉलेज की छात्रा लक्ष्मी धुर्वे को मैदान में उतरने का मौका नहीं दिया गया। आरोप है कि उन्हें केवल फाइनल मैच के अंतिम दो मिनट में खेलने के लिए उतारा गया, जहां उन्होंने मात्र एक अंक अर्जित किया। इसके अलावा पूरे टूर्नामेंट में उनका कोई विशेष प्रदर्शन नहीं रहा, लेकिन इसके बावजूद उनका चयन कर लिया गया। दूसरी ओर, टूर्नामेंट में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों का नाम प्रारंभिक चयन में आने के बाद भी उन्हें अंतिम सूची से बाहर कर दिया गया। इस अपारदर्शी चयन प्रक्रिया को लेकर खिलाड़ियों में भारी रोष व्याप्त है। खिलाड़ियों का कहना है कि इस तरह के पक्षपात से साल भर कड़ी मेहनत करने वाले वास्तविक खिलाड़ियों का मनोबल टूट रहा है और खेल भावना को ठेस पहुंच रही है।पीड़ित खिलाड़ियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन और खेल विभाग से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मैच के आधिकारिक रिकॉर्ड की समीक्षा करने और योग्य खिलाड़ियों को न्याय दिलाने की मांग की है।
इनका कहना है….
प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन समिति करती है। ऑब्जर्वर आते हैं और बच्चों का सिलेक्शन होता है । पोजीशन के हिसाब से खिलाड़ियों का चयन होता है और महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने परचम भी लहराया है, चयन हम नहीं करते हैं।
डॉ. धर्मेंद्र सिंह,
महाविद्यालय स्पोर्ट्स ऑफिसर नर्मदापुरम।

