

नर्मदापुरम / शहर में नगर पालिका के अतिक्रमण दल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दिन ढलते ही शहर के प्रमुख मार्गों पर गरीब और छोटे व्यापारियों से अवैध वसूली का एक सुनियोजित खेल शुरू हो जाता है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर यह कौन-सा नियम है, जिसके तहत शाम होते ही नगर पालिका का अतिक्रमण दल कार्रवाई के बजाय उगाही पर उतर आता है। जानकारी के अनुसार, शहर के एसपी ऑफिस चौराहे से लेकर नर्मदा महाविद्यालय और नेहरू पार्क क्षेत्र में जितने भी छोटे-मोटे हाथ ठेले, सब्जी वाले, चाट-फुलकी विक्रेता और अन्य छोटे व्यवसायी अपनी आजीविका चलाने के लिए दुकानें लगाते हैं, वे सभी इस अवैध वसूली से त्रस्त हैं। शाम होते ही नगर पालिका के कर्मचारी इन स्थानों पर पहुँचते हैं और नियमों का डर दिखाकर इनसे अवैध रूप से पैसे ऐंठते हैं। दैनिक वेतनभोगी से लेकर नियमित कर्मचारी तक मिलीभगत इसमें रहती है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस अनैतिक कार्य में केवल अस्थायी कर्मचारी ही नहीं, बल्कि नगर पालिका के कुछ नियमित कर्मचारी भी बराबर के हिस्सेदार बताए जा रहे हैं। यह सिलसिला किसी एक दिन का नहीं, बल्कि लंबे समय से जारी है। इस पूरे मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि वसूली करने वाले कर्मचारी खुलेआम यह कहते हैं कि उन्हें यह रकम एकत्र कर किसी उच्च अधिकारी को देनी होती है। अब शहर में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर वह कौन अधिकारी है, जिसके नाम पर नगर पालिका के ये दैनिक वेतनभोगी और नियमित कर्मचारी गरीबों के खून-पसीने की कमाई से अवैध वसूली कर रहे हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी निगाहें रोज़ कमाने और रोज़ खाने वाले इन छोटे व्यापारियों के साथ हो रहे इस अनैतिक कृत्य से स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। अब सभी की निगाहें कलेक्टर और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी हैं। देखना यह होगा कि क्या जिला प्रशासन इस गंभीर मामले का संज्ञान लेकर वसूली करने वाले कर्मचारियों और उस कथित ‘अधिकारी’ के चेहरे से नकाब हटाकर कोई ठोस कार्रवाई करता है, या फिर गरीबों की जेब पर यूं ही डाका डलता रहेगा।

