
नर्मदापुरम / शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र मीनाक्षी चौक स्थित शासकीय संपत्ति के अवैध दोहन और बिक्री का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नलकूप विभाग एवं लाईट मशीनरी के एक बाबू पर विभागीय नियमों को ताक पर रखकर सरकारी क्वार्टर और बेशकीमती शासकीय भूमि को निजी लाभ के लिए किराए पर देने तथा लाखों रुपये में बेचने का गंभीर आरोप लगा है। इस संबंध में कलेक्टर और कार्यपालन यंत्री को एक लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
यह है पूरा मामला…..
बंगाली कॉलोनी, नर्मदापुरम निवासी रमेश कुमार यादव द्वारा 25 नवंबर 2026 को कलेक्टर कार्यालय में दिए गए शिकायती आवेदन में चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए गए हैं। शिकायत के अनुसार, मीनाक्षी चौक पर स्थित नलकूप विभाग के शासकीय भवन (क्वार्टर) और उससे लगी सरकारी जमीन का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। शिकायत के मुख्य बिंदु और गंभीर आरोप 50 हजार प्रतिमाह पर अवैध किराया आरोप है कि नलकूप विभाग के एक बाबू ने शासकीय क्वार्टर और भूमि को 50,000 प्रति माह के हिसाब से किराए पर दे दिया है। वर्तमान में इस सरकारी स्थान पर ‘लुधियाना बाजार सेल’ और ‘पंडित जी की जूते की दुकान’ का संचालन किया जा रहा है।
12 लाख में सरकारी जमीन का सौदा शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि शासकीय क्वार्टर से लगी हुई बेशकीमती सरकारी भूमि को ‘पंडित जी जूते की दुकान’ को 12 लाख रुपये में अवैध रूप से बेच दिया गया है। अतिक्रमण हटाने और दोषी बाबू पर कार्रवाई की मांग शिकायतकर्ता रमेश कुमार यादव ने प्रशासन से की है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष और तत्काल जांच कराई जाए। उन्होंने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल खाली करवाने और सरकारी संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने वाले नलकूप विभाग के संबंधित बाबू के खिलाफ सख्त कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। मुख्यमंत्री से लेकर विभाग प्रमुख तक भेजी गई प्रतिलिपि मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायतकर्ता ने इसकी प्रतिलिपि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री, लोक निर्माण विभाग के मंत्री और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता (भोपाल) को भी प्रेषित की है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस पूरे मामले में कब तक संज्ञान लेकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराता है।

