
नर्मदापुरम / कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने जिला उपार्जन सेल की बैठक लेकर जिले में धान उपार्जन कार्य की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपार्जन कार्य सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने निर्देशित किया कि PCSAP पोर्टल पर निर्धारित 16 बिंदुओं की जानकारी समय-सीमा में दर्ज कराई जाए। साथ ही, प्रत्येक उपार्जन केंद्र की फोटो संबंधित समिति के माध्यम से अपलोड कराना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रत्येक तीन उपार्जन केंद्रों पर एक अधिकारी की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर संभावित धान उपार्जन की मात्रा के अनुरूप बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर उपार्जन प्रारंभ होने से एक सप्ताह पूर्व ही आवश्यक मात्रा से 20 प्रतिशत अधिक बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि उपार्जन कार्य प्रभावित न हो। कलेक्टर ने धान के त्वरित उठाव के लिए मिलर्सवार मैपिंग एवं कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ हु प्रत्येक मिलर को एक सप्ताह की अग्रिम उठाव कार्ययोजना उपलब्ध कराने तथा उसके अनुरूप धान का उठाव सुनिश्चित कराने के लिए भी निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान उपार्जन केंद्रों पर बोरों की सिलाई के लिए आवश्यक टैग एवं धागे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर निर्धारित आवश्यकता से 20 से 25 प्रतिशत अधिक टैग एवं धागा उपलब्ध रखा जाए, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की कमी न आए। कलेक्टर ने उपार्जन कार्यों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए मानक समीक्षा फॉर्मेट तैयार करने के निर्देश दिए। इसके माध्यम से उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी।
बैठक के दौरान कलेक्टर द्वारा उपार्जन केंद्रों पर उपयोग किए जाने वाले सभी तौलकांटों का नापतौल विभाग के माध्यम से शत-प्रतिशत सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपार्जन कार्य में उपयोग होने वाले सभी उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप होने चाहिए। कलेक्टर ने पिपरिया एवं बनखेड़ी क्षेत्र के उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां 30 नवंबर 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में भारतीय खाद्य निगम (FCI) के माध्यम से भी उपार्जित धान के स्कंध का उठाव सुचारू रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए उपार्जन संबंधी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान उपार्जन कार्य में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा उपार्जन केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित रखें।

