
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / श्री परमहंस अद्वैत आश्रम, चांदगढ़ कुटी, ग्राम कजली में नवनिर्मित होने वाले घाट के निर्माण हेतु विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर संत लक्ष्मणानंद महाराज (कैलाश आश्रम, भिलाड़िया घाट) के कर-कमलों द्वारा घाट निर्माण हेतु भूमि पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजन कार्य पं. शुभम शुक्ला (आशापुर) के सान्निध्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर आशापुर से पधारे मनोहर सिंह मुकुम द्वारा माँ नर्मदा जी को श्रद्धापूर्वक चुनरी अर्पित की गई एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुजनों की गरिमामयी उपस्थिति एवं सहभागिता रही।
म. प्र. जन अभियान परिषद से ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति ग्राम कजली के अध्यक्ष राकेश दायमा ने बताया इस घाट के नवनिर्माण का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुगम स्नान सुविधा उपलब्ध कराना है। श्रद्धालुजन आसानी एवं सुरक्षित रूप से माँ नर्मदा जी में स्नान कर सकें। माँ नर्मदा जी की कृपा से यह घाट श्रद्धालुओं की आस्था, सेवा, साधना एवं जनकल्याण का पावन केंद्र बने, ऐसी मंगलकामना है।

