

नर्मदापुरम / जिले में रविवार 22 नवंबर से तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 22 से 24 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न निर्धारित पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गेहलोत ने बताया कि रविवार को प्रारंभ हुए पल्स पोलियो अभियान के विशेष चरण में पहले दिन 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1,03,802 बच्चों को 1,527 निर्धारित केंद्रों पर पोलियो की खुराक पिलाई गई। इसके लिए पोलियो टीकाकरण दलों के साथ मोबाइल टीमों द्वारा भी सक्रिय रूप से कार्य किया गया।
सीएमएचओ डॉ. गेहलोत ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस जिन बच्चों को किसी कारणवश पोलियो की खुराक नहीं पिलाई जा सकी है, उन्हें आगामी दो दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की दो बूंद दवा पिलाएंगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष रणनीति के तहत टीमें तैनात की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। साथ ही घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सहयोग प्रदान करें, ताकि जिले के प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

