
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व हर साल कार्तिक पूर्णिमा को मनाया जाता है। वर्ष 2026 में यह 24 नवंबर मंगलवार को 557वीं जयंती के रूप में मनाया जा रहा है । यह पर्व सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के जन्म और उनकी शिक्षाओं को समर्पित है। कार्तिक मास की पूर्णिमा को पड़ने वाला यह पर्व अज्ञान के अंधकार पर ज्ञान और आध्यात्मिक प्रकाश की जीत का प्रतीक है। गुरुद्वारों में अखंड पाठ, शबद कीर्तन, प्रभात फेरी और नगर कीर्तन आयोजित किए जाते हैं। गुरुनानक जयंती के उपलक्ष्य में स्थानीय गुरुद्वारा ठाकुर मोहल्ला सिवनी मालवा में तीन दिवसीय श्री गुरुनानक साहब के अखंड पाठ का आयोजन 22 नवंबर से 24 नवंबर तक होगा। आज प्रथम दिन सुबह 6 बजे से गुरुद्वारा ठाकुर मोहल्ला सिवनी मालवा से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु महिलाओं एवं बच्चों द्वारा संगीतमय शबद कीर्तन करते हुए जेल रोड, पाठक चौक से नर्मदा मंदिर होते हुए ठाकुर मोहल्ला गुरुद्वारा पहुंचे। “बोलो सत नाम, सत नाम, सत नाम जी, श्री वाहेगुरु, वाहेगुरु, वाहेगुरु जी” और “दर्शन कर लो जी” आदि भजनों से श्रद्धालु श्री गुरुनानक जी की भक्ति में लीन हो गए। तत्पश्चात सुबह 10 बजे से गुरुद्वारे में तीन दिवसीय श्री गुरुग्रंथ साहिब का अखंड पाठ का आयोजन होगा। 24 नवंबर को शाम 4 बजे श्री गुरुग्रंथ साहिब की शोभायात्रा निकलेगी।

