
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / जन शिक्षा केंद्र, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चतरखेड़ा में जन शिक्षा केंद्र स्तरीय शैक्षिक संवाद का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 3 से 5 तक अध्यापन कराने वाले 17 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की। संवाद का मुख्य विषय ‘घटाव में आने वाली समस्याएं एवं उनके समाधान की चुनौतियां’ रहा, जिसमें शिक्षकों ने अपने शैक्षणिक अनुभव, नवाचार एवं शिक्षण संबंधी कठिनाइयां साझा कीं।
इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला बनाड़ा की शिक्षिका श्रीमती सपना श्रीवास्तव ने गणित शिक्षण की अभिनव विधि प्रस्तुत की। इसके माध्यम से बच्चे लगभग 100 तक के पहाड़े आसानी से बनाना, याद करना एवं उनसे गुणा करना सीख सकते हैं। शिक्षकों ने इस नवाचार की सराहना की।
कार्यक्रम में यू-डाइस, एमबीयू, अपार आईडी सहित अन्य ऑनलाइन कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने, विद्यालयीन पंजियों के नियमित संधारण, स्वच्छता एवं प्रभावी शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।
अवलोकन के दौरान संतोष कुमार शर्मा, विकासखंड अकादमिक समन्वयक, जनपद शिक्षा केंद्र सिवनी मालवा ने कहा कि शैक्षिक संवाद शिक्षकों के अनुभवों एवं नवाचारों के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच है, जहां सामूहिक चर्चा और आपसी सहयोग से शिक्षण संबंधी समस्याओं का समाधान खोजा जा सकता है। उन्होंने बताया कि राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा शैक्षिक संवाद को ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली से भी जोड़ा गया है, जिससे शिक्षकों की नियमित सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में जन शिक्षक रोहित रघुवंशी, मनमोहन रघुवंशी, सहजकर्ता सोहन सिंह उइके एवं सामिया खान सहित जन शिक्षा केंद्र के कक्षा 3 से 5 तक अध्यापन कराने वाले शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
शैक्षिक संवाद को शिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने, नवाचारों को साझा करने एवं सामूहिक प्रयासों से बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

