
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत आज आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बघवाड़ा में आयोजित पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम में विधायक श्री प्रेमशंकर वर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक श्री वर्मा ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए पोलियो की खुराक पिलाना बेहद आवश्यक है। प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की निर्धारित खुराक अवश्य पिलाएं। पोलियो की दो बूंद बच्चों को जीवनभर की दिव्यांगता से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार” के संकल्प के साथ हमें इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है। कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों को मिलकर जागरूकता के साथ कार्य करना चाहिए।
विधायक श्री वर्मा ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और स्वस्थ, सुरक्षित एवं पोलियो मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं।

