
नर्मदापुरम / इटारसी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार 22 नवंबर 2026 से शहर में तीन दिवसीय पोलियो अभियान शुरू हो गया है। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3, वार्ड क्रमांक-2 में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जा रही हैं।
अभियान के पहले दिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विनीता मालवीय एवं सहायिका नेहा नागवंशी ने केंद्र पर पहुंचे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। इस दौरान अभिभावकों को अभियान के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निर्धारित आयु वर्ग का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद पीने से वंचित न रहे। इसके लिए घर-घर संपर्क कर बच्चों को केंद्र तक लाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
स्वस्थ और सुरक्षित बचपन के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान में अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि इटारसी को पोलियो मुक्त बनाए रखने में सहयोग मिल सके।

