

नर्मदापुरम / शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, नर्मदापुरम में आयोजित शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (CTS) के पाँचवें कौशल दीक्षांत समारोह में सांसद दर्शन सिंह चौधरी सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों द्वारा आयोजित यह कौशल दीक्षांत समारोह युवाओं के हुनर, परिश्रम और उत्कृष्टता के सम्मान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि देश का युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाला ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बने।
उन्होंने कहा कि आज का दौर डिग्री के साथ व्यावहारिक कौशल और तकनीकी दक्षता का है। आईटीआई जैसे संस्थान युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, इलेक्ट्रिक व्हीकल और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएँ हैं।
सांसद श्री चौधरी ने विशेष रूप से मुहासा औद्योगिक क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे जिले में विकसित हो रहा मुहासा इंडस्ट्रियल एरिया युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां स्थापित होने वाली विभिन्न कंपनियों और औद्योगिक इकाइयों में आईटीआई से प्रशिक्षित युवाओं के हुनर, तकनीकी दक्षता और प्रतिभा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध हों, इसके लिए कौशल प्रशिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम कृषि प्रधान क्षेत्र है। यहां कृषि यंत्रों की मरम्मत, खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी, सौर ऊर्जा और तकनीकी सेवाओं के क्षेत्र में भी कौशल आधारित रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। आवश्यकता है कि युवा अपने हुनर को निरंतर विकसित करें और इन अवसरों का लाभ उठाएं।
सांसद ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने कौशल को अपनी पहचान बनाएं, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को अपनाएं तथा अन्य युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करें।
सांसद श्री चौधरी ने संस्थान के प्रशिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कुशल मानव संसाधन का निर्माण विकसित भारत की आधारशिला है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी उत्कृष्ट विद्यार्थियों को पुनः बधाई देते हुए कहा कि जब युवाओं के हाथों में कौशल, मन में आत्मविश्वास और हृदय में राष्ट्रसेवा का भाव होगा, तभी आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत का संकल्प साकार होगा।
कौशल को मान, उत्कृष्टता को सम्मान—हुनरमंद युवा, आत्मनिर्भर भारत की पहचान…..
आयोजित कार्यक्रम में नर्मदापुरम नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव, विकास नारोलिया, सांसद प्रतिनिधि नारायण कीर, जिला विकास समिति सदस्य योगेंद्र सिंह राजपूत, भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान सदस्य नीतिराज सिंह, प्रशांत अग्रवाल, रूपेश राजपूत, पार्षद प्रेमा पांडे, रोहित गौर, सूरज महार, विवेक जैन, संस्थान के प्रभारी प्राचार्य श्याम मालवीय सहित अधिकारीगण, प्रशिक्षकगण, अभिभावकगण तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

