
नर्मदापुरम / जिले में क़ल 22 नवंबर से पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। यह अभियान 22 से 24 नवंबर 2026 तक संचालित होगा। अभियान के अंतर्गत जिले में निर्धारित विभिन्न पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि जिनके बच्चों की आयु 0 से 5 वर्ष के बीच है, वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए अभियान में अभिभावकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
अभियान के प्रथम दिन क़ल 22 नवंबर को जिले में स्थापित निर्धारित पोलियो बूथों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। वहीं 23 एवं 24 नवंबर को बूथ पर पहुंचकर पोलियो की खुराक पीने से छूटे हुए बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और अपने आसपास के अन्य अभिभावकों को भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए प्रेरित करें।

