
नर्मदापुरम / बांद्राभान मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित आवागमन एवं सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नर्मदापुरम पुलिस द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। मेले में वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के लिए कुल 21 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 19 नियमित पार्किंग स्थल तथा आवश्यकता पड़ने पर उपयोग के लिए 2 आकस्मिक पार्किंग स्थल शामिल हैं।* ट्रैक्टर, चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों के लिए पृथक-पृथक पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
यातायात व्यवस्था एवं प्रमुख प्रतिबंध…..
मेले के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए निम्न व्यवस्थाएं लागू रहेंगी—
1. मेला स्थल तक केवल प्रशासकीय एवं आकस्मिक सेवाओं से संबंधित वाहनों को प्रवेश की अनुमति रहेगी।
2. भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
3. केवल मेले में सवारी परिवहन के लिए परमिट प्राप्त बसों को निर्धारित अस्थायी बस स्टैंड तक जाने की अनुमति होगी।
4. मुख्य मार्ग एवं सड़क के किनारे वाहन खड़ा कर पार्किंग करना प्रतिबंधित रहेगा।
5. सांगाखेड़ा की ओर जाने वाले वाहन मुहासा अथवा आरी मार्ग से परिवर्तित मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
6. आकस्मिक परिस्थितियों में सांगाखेड़ा की ओर जाने वाले वाहनों को पहचान एवं आवश्यकता का परीक्षण करने के उपरांत आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
क्रेन एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती…..
सड़क पर यातायात बाधित करने वाले अथवा खराब होकर मार्ग अवरुद्ध करने वाले वाहनों को तत्काल हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था की गई है।
यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए उप पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में चार निरीक्षकों सहित लगभग 175 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पुलिस बल दो शिफ्टों में ड्यूटी करते हुए यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का संचालन एवं सतत निगरानी करेगा।
इसके अतिरिक्त ग्राम रक्षा समिति के 50 सदस्यों का सहयोग* लिया जा रहा है, जो पार्किंग स्थलों एवं मार्ग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करेंगे।
नर्मदापुरम पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील…..
श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क अथवा सड़क किनारे पार्किंग न करें तथा यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें। परिवर्तित मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से मार्ग में वाहन खड़ा न करें।
मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए आमजन का सहयोग सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात बनाए रखने में महत्वपूर्ण होगा।

