
नर्मदापुरम / माह अक्टूबर की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण में जिला नर्मदापुरम ने संपूर्ण मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। माह अक्टूबर के दौरान प्राप्त कुल 750 शिकायतों में से 54.96 प्रतिशत संतुष्टि दर के साथ नर्मदापुरम पुलिस प्रदेश में शीर्ष स्थान पर रही है। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में जिले के समस्त थानों एवं कार्यालय स्तर पर जनसुनवाई व जनशिविरों के माध्यम से फरियादियों की समस्याओं का अत्यंत संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित किया गया है।
प्रमुख बिंदु….
प्रदेश में प्रथम स्थानः अक्टूबर माह में प्राप्त कुल 750 शिकायतों के निराकरण में 54.96% संतुष्टि प्रतिशत अर्जित कर जिला नर्मदापुरम पूरे राज्य में अव्वल रहा। माह सितंबर में भी सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में नर्मदापुरम पुलिस प्रदेश में प्रथम स्थान पर रही थी।
जनशिविर एवं जनसुनवाईः पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित जिले के समस्त थानों में नियमित रूप से जनशिविर और जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं से सीधा संवादः शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच और वास्तविक समाधान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक एवं अनुभाग स्तर से फरियादियों से सीधे (स्वतः) संवाद स्थापित किया जा रहा है।
निरंतर जारी रहेगी प्रक्रियाः आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखने और त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से संवेदनशील शिकायत निराकरण की यह व्यवस्था भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

