


नर्मदापुर / सिवनी मालवा के श्री ज्ञान रत्न एकेडमी में टैलेंट शो कॉम्पिटिशन का शानदार आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा की छटा बिखेर दी।
मंच पर एक से बढ़कर एक रंगारंग और रचनात्मक प्रस्तुतियाँ देखने को मिलीं, जिन्होंने पूरे माहौल को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अलग-अलग विधाओं में अपनी हुनरमंदी दिखाई। किसी ने बॉक्सिंग टिप्स साझा करते हुए, योग की मुद्राएं बताते हुए अनुशासन, स्टांस और आत्मरक्षा की बारीकियों से परिचित कराया, तो किसी ने मिमिक्री और कैरेक्टर एक्सप्रेशन के ज़रिए विविध किरदारों को जीवंत कर दर्शकों को खूब गुदगुदाया। भाव-भंगिमाओं की सटीक प्रस्तुति वाले फेशियल एक्सप्रेशन और तय समय में कमाल की कलाकारी दिखाती स्पीड स्केचिंग ने भी खूब तालियाँ बटोरीं।
संगीत और नृत्य के क्षेत्र में सोलो सिंगिंग की मधुर आवाज़ तथा सोलो डांसिंग की जोशीली ताल ने मंच पर समा बाँध दिया। वहीं, टीमवर्क और संवाद अदायगी से सजी शॉर्ट ग्रुप स्किट ने सामाजिक संदेश और मनोरंजन का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

