
नर्मदापुरम / इटारसी / नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय में मंडलम एवं वार्ड अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने, मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन कराने तथा आगामी 26 नवंबर को जबलपुर में आयोजित होने वाली संविधान रक्षा रैली में जिले से अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मध्यप्रदेश कांग्रेस के समन्वयक मानक अग्रवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत ‘गुड्डन’ पाण्डेय एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अपने विचार रखे।
मानक अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना बेहद आवश्यक है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो, इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है और उसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। 26 नवंबर को जबलपुर में आयोजित संविधान रक्षा रैली में जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत ‘गुड्डन’ पाण्डेय ने कहा कि संगठन की मजबूती मंडलम एवं वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संभव है। प्रत्येक मंडलम एवं वार्ड अध्यक्ष अपने क्षेत्र में मतदाता सूची का निरीक्षण करें तथा जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में नहीं हैं, उनके नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक पहल करें। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित जबलपुर रैली में जिले के सभी ब्लॉकों, मंडलम एवं वार्डों से कांग्रेसजनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मंडलम एवं वार्ड अध्यक्ष संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के अभियान को गति दें। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर जबलपुर में आयोजित संविधान रक्षा रैली में इटारसी सहित पूरे जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त मंडलम अध्यक्षों को प्रमाण पत्र वितरित….
बैठक के दौरान इटारसी के मंडलम अध्यक्षों अमित परदेशी, हरीश अग्रवाल, सोनू बकोरिया एवं देवी मालवीय को उनके दायित्वों के संबंध में प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने सभी को संगठनात्मक जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक में जिला एवं नगर कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी, पार्षदगण, महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

