


नर्मदापुरम / राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महाविद्यालयीन विद्यार्थियों द्वारा रविवार, 1 नवंबर को नर्मदापुरम नगर में जिला स्तरीय पथ संचलन निकाला गया। कार्यक्रम का आयोजन सायं 4 बजे एसएनजी स्कूल प्रांगण में किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत ग्रामीण विकास कार्य प्रमुख एवं वरिष्ठ प्रचारक बृज किशोर भार्गव उपस्थित रहे। मंच पर सह जिला संघचालक चंद्र विजय गोस्वामी एवं विभाग महाविद्यालयीन कार्य प्रमुख डॉ. संजेश मीणा भी मंचस्थ रहे।
मुख्य वक्ता बृज किशोर भार्गव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की पहचान उसकी संस्कृति से होती है। जब हम अपनी संस्कृति और संस्कारों के अनुरूप आचरण करते हैं, तब वह भी राष्ट्रभक्ति ही कहलाती है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी संस्कृति को छोड़कर अन्य सिद्धांतों को अपनाता है, वह विकृति की ओर अग्रसर होता है और अपना स्वाभिमान खो देता है।
उन्होंने कहा कि भारत संस्कृति और संस्कारों का देश है। यही हमारी विशिष्ट पहचान है, जिसके कारण पूरी दुनिया में भारत का एक अलग महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और संस्कारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के साथ नगर के गणमान्य नागरिकों ने भी बौद्धिक को सुना। इसके पश्चात विद्यार्थियों का पथ संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से निकला। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया गया। नगर भ्रमण के पश्चात संचलन पुनः एसएनजी स्कूल प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुआ।

