
नर्मदापुरम / समेरिटंस स्कूल के एनसीसी कैडेट्स ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस और मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सोमवाए को एक जागरूकता रैली निकाली। इसके साथ ही कैडेट्स ने बांद्राभान मार्ग के पास स्थित नंदिनी गौशाला परिसर एवं 12 ज्योतिर्लिंग में दर्शन कर विशेष सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया।
रैली का शुभारंभ स्कूल परिसर से हुआ, जहाँ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया और देश की एकता की शपथ ली गई। इस रैली को स्कूल की प्राचार्य श्रीमती प्रेरणा रावत, स्कूल मैनेजर श्रीमती शिखा खंपरिया एवं प्रभारी लीना देवासकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एनसीसी मैनेजर प्रदीप कुमार यादव, एनसीसी सेकंड ऑफिसर विजय प्रकाश श्रीवास्तव एवं एनसीसी सेकंड ऑफिसर स्नेह उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित इस पूरे कार्यक्रम में स्कूल के 125 छात्र-छात्रा एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए।
हाथों में देशभक्ति और स्वच्छता के नारे लिखी तख्तियां थामे कैडेट्स ने प्रमुख मार्गों से मार्च करते हुए लोगों को जागरूक किया। इसके बाद सभी कैडेट्स और बांद्राभान रोड के पास स्थित नंदिनी गौशाला पहुँचे। यहाँ कैडेट्स ने पूरे गौशाला परिसर और आसपास के क्षेत्र में गो शाला प्रभारी परितोष शर्मा के दिशा निर्देश में सघन साफ-सफाई अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने झाड़ू लगाकर कचरा इकट्ठा किया और परिसर को स्वच्छ बनाकर आम नागरिकों को भी अपने आसपास सफाई रखने का संदेश दिया।
संस्था निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार शर्मा ने कैडेट्स और एनसीसी अधिकारियों के इस सराहनीय व सेवाभावी प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि गौशाला जैसे पवित्र और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई करने से विद्यार्थियों में जीव दया, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

