
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / ग्राम धरमकुंडी में सोमवार को मध्य प्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्केटिंग फेडरेशन) के गोदाम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सदस्य शेरसिंह दरबार उपस्थित रहे।
गोदाम का प्रारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए जनपद सदस्य श्री शेरसिंह दरबार ने कहा कि धरमकुंडी में विपणन संघ के गोदाम की शुरुआत होने से क्षेत्रीय किसानों को खाद व आवश्यक कृषि सामग्रियों के लिए दूर नहीं भटकना पड़ेगा। इससे क्षेत्र के किसानों के समय और धन दोनों की बचत होगी तथा रबी सीजन में खाद की उपलब्धता सुगम बनेगी।
इस मौके पर विपणन संघ के गोदाम प्रभारी मीनाक्षी बास्केल, स्थानीय कृषक एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे। गोदाम चालू होने पर ग्रामीणों और किसानों ने हर्ष व्यक्त किया।

