
नर्मदापुरम / नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय जिनवरदास फौजदार स्मृति अंडर-15 बालक वर्ग इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता का तीसरा मुकाबला मेजबान नर्मदापुरम और बैतूल के बीच खेला गया। इस दो दिवसीय मुकाबले में नर्मदापुरम ने पहली पारी में 151 रनों की बढ़त हासिल कर जीत दर्ज की।
संभाग के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने बताया कि मुकाबले में नर्मदापुरम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने पहली पारी में 82.3 ओवर में 307 रन बनाकर अपने सभी विकेट गंवा दिए। नर्मदापुरम की ओर से दिव्यराज सिंह राजपूत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 82 रन बनाए। वहीं, आरुष उपाध्याय ने 58, प्रज्ञान थापक ने 41, आदित्य श्रीवास्तव ने 37 और अंश अग्रवाल ने 31 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बैतूल की पहली पारी 156 रनों पर सिमटी…..
307 रनों के जवाब में बैतूल ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 6 रन पर अपना एक विकेट गंवा दिया था। दूसरे दिन टीम ने पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन नर्मदापुरम के गेंदबाजों के सामने अधिक देर तक टिक नहीं सकी। बैतूल की ओर से दिव्यांशु चौहान ने 54 और काव्यांश भालेकर ने 49 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। इसके बावजूद पूरी टीम 156 रनों पर ऑलआउट हो गई।
नर्मदापुरम की ओर से मुरली रघुवंशी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रज्ञान थापक ने 3 और आरुष उपाध्याय ने 1 विकेट लिया। बैतूल के दो बल्लेबाज रन आउट हुए। इस तरह नर्मदापुरम को पहली पारी में 151 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त प्राप्त हुई।
दूसरी पारी में बैतूल के गेंदबाजों का प्रदर्शन…..
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी नर्मदापुरम की टीम ने चाय के समय तक 58 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। बैतूल की ओर से दिव्यांशु चौहान और रुद्रा चिलहाते ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए। मैच में दूसरी पारी के आधार पर परिणाम निकलने की संभावना नहीं होने के कारण अंपायरों ने पहली पारी की बढ़त के आधार पर नर्मदापुरम को विजेता घोषित किया।
मैच के दौरान जिला क्रिकेट एसोसिएशन के कुलभूषण मिश्रा, सीनियर सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन संजय नाफड़े, सचिव मनोहर बिलथरिया, चयनकर्ता शफीक खान, कोच नितेश राजपूत, अंपायर आदित्य राजपूत एवं हरीश हनोतिया, स्कोरर कुणाल पटेल सहित खिलाड़ियों के अभिभावक उपस्थित रहे।

