

नर्मदापुरम / मंगोलिया की राजधानी उलानबटोर स्थित गवर्नमेंट पैलेस में आयोजित ‘वर्ल्ड वुमेन पार्लियामेंटेरियंस फोरम’ के महत्वपूर्ण सत्र में मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया जी ने सहभागिता कर प्रतिनिधित्व किया।
इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर सत्र का मुख्य विषय “From Representation to Influence in the Decision-Making Process” अर्थात ‘प्रतिनिधित्व से आगे बढ़कर निर्णय लेने की प्रक्रिया में प्रभावशाली भूमिका’ रहा। सत्र में विभिन्न देशों की महिला सांसदों ने महिला नेतृत्व और नीति-निर्धारण में उनकी भागीदारी पर अपने विचार साझा किए।
सत्र को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि महिलाओं की आवाज को सशक्त बनाना और नीति-निर्धारण व महत्वपूर्ण निर्णयों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि महिलाएँ केवल प्रतिनिधित्व तक सीमित न रहें, बल्कि अपने विचारों, नेतृत्व क्षमता और निर्णय शक्ति के माध्यम से देश और समाज की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
श्रीमती नारोलिया ने कहा कि महिला सशक्तीकरण से ही सशक्त समाज का निर्माण होगा और समान अवसरों से ही सशक्त भविष्य की नींव रखी जाएगी।

