
नर्मदापुरम / भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, भोपाल के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया निरंतर जारी है। इसके अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा पात्र नागरिकों से फार्म-6 प्राप्त किए जा रहे हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे भी मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे भी इस प्रक्रिया के माध्यम से अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पात्र मतदाता अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से संपर्क कर फार्म-6 जमा कर सकते हैं। जिले के सभी 1283 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां पात्र नागरिकों को फार्म-6 जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने पात्र युवाओं एवं ऐसे नागरिकों से, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, अपील की है कि वे अपने संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से संपर्क कर फार्म-6 जमा करें।

