
नर्मदापुरम / सोमवार को कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में पराली प्रबंधन को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने, किसानों को जागरूक करने तथा पराली के उचित प्रबंधन के लिए उपलब्ध वैकल्पिक साधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि पराली प्रबंधन के लिए किसानों को जागरूक करना आवश्यक है। कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारी किसानों से संवाद स्थापित कर उन्हें पराली जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों तथा इसके प्रबंधन के वैकल्पिक तरीकों की जानकारी दें। उन्होंने निर्देश दिए कि पराली प्रबंधन के संबंध में आवश्यक प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए जाएं तथा उनका प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पराली जलाने से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां कृषि विभाग की टीमें एसडीएम के नेतृत्व में भेजी जाएं। ये टीमें किसानों से चर्चा कर पराली प्रबंधन से जुड़े आवश्यक बिंदुओं की जानकारी दें तथा उन्हें पराली जलाने के बजाय वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि पराली प्रबंधन के लिए उपलब्ध मशीनों का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन हो सके। इसके लिए किसानों को उपलब्ध मशीनों एवं वैकल्पिक साधनों की जानकारी देकर उनका उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को निर्देश दिए कि हार्वेस्टर में एसएमएस (सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम) अटैचमेंट नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि फसल कटाई के दौरान पराली प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पराली प्रबंधन को लेकर बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान संगोष्ठियों एवं कार्यशालाओं के माध्यम से किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और फसल अवशेषों के प्रबंधन के वैकल्पिक तरीकों के संबंध में जागरूक किया जाए। उन्होंने कृषि विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा मैदानी स्तर पर सतत निगरानी रखते हुए पराली प्रबंधन के लिए प्रभावी प्रयास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, उपसंचालक कृषि रविकांत सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं समस्त एसडीएम उपस्थित रहे।

